मुस्लिम विवि से शुक्रवार की छुट्टी के राग से दे गए हैट्रिक का गीत
मोदी-धामी के विकास को सराहा,कांग्रेस को कोसा
विपक्ष का सड़क पर फूटा आक्रोश
अविकल थपलियाल
देहरादून।
..यूसीसी, मुस्लिम विवि.. तीन तलाक.. घुसपैठिये..SIR…अवैध मजार..मदरसे..चार शादी..शुक्रवार की छुट्टी…राहुल बाबा और हरीश रावत।
धनतेरस पर देहरादून आये गृह मंत्री अमित शाह के भाषण के केंद्र में मतों के ध्रुवीकरण की कोशिश साफ तौर पर नजर आयी। शाह ने धामी सरकार के विकास कार्यों की गाथा के अलावा पूर्व भाजपाई सीएम को भी याद किया। हाल ही में कांग्रेस नेतृत्व ने जिस लाखों करोड़ के निवेश पर निशाना साधा था। उस एक लाख करोड़ के निवेश पर अमित शाह ने अपनी मुहर लगाकर धामी सरकार की तारीफ की।
मोदी-धामी के वाइब्रेंट विलेज व सीमांत गांवों के विकास की बात कहकर उत्तराखण्ड को सांस्कृतिक राजधानी बनाने की बात भी कही।
गृह मंत्री के भाषण में ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल व आल वेदर रोड जैसी गतिशील विकास योजनाओं का उल्लेख भी था।
लेकिन कांग्रेस के आक्रामक मूड और चुनाव को देखते हुए शाह ने मुस्लिम विवि और शुक्रवार की छुट्टी का जिक्र कर पूर्व सीएम हरीश रावत को घेरने की भी कोशिश की।

2022 के विधानसभा व 2024 के लोकसभा चुनाव में भी भाजपा ने इन्हीं मुद्दों को उठाकर जीत हासिल की।
चूंकि इन दिनों कांग्रेस, उक्रांद, वामपंथी समेत अन्य दल कई ज्वलंत मुद्दों को लेकर सड़कों और उतरे हुए हैं। लिहाजा, गृह मंत्री के भाषणों से साफ जाहिर हुआ कि भाजपा एक बार फिर ध्रुवीकरण की पिच पर ही अपने चुनावी प्रचार को उतारना चाहती है। इसी रणनीति के तहत मुस्लिम विवि और शुक्रवार की छुट्टी का एक बार फिर जिक्र किया गया।
हालांकि, हरीश रावत ने भी तत्काल सोशल मीडिया में शुक्रवार की छुट्टी का आदेश दिखाने की चुनौती देते हुए राजनीति से संन्यास की बात कहकर पलटवार भी किया।
यही नहीं,भाजपा ने कांग्रेस शासन के छात्रवृत्ति घोटाले और सचिवालय में दलालों के अड्डा बनने का भी उल्लेख किया । गृह मंत्री के राजनीतिक प्रहार से साफ लगा कि भाजपा इस चुनाव में भी हरीश रावत को ही टारगेट करेगी।
जीत की हैट्रिक को लेकर आश्वस्त लग रहे शाह ने अन्य राज्यों का उदाहरण देकर कहा कि भाजपा ने असम, गुजरात,हरियाणा,मध्य प्रदेश, गोवा व महाराष्ट्र की जीत हासिल की है। और अब उत्तराखण्ड में भी हैट्रिक लगेगी। और फिर 65 पार सीट का लक्ष्य दे दिया।
केंद्रीय गृह मंत्री ने मोदी-धामी के विकास कार्यों की चर्चा कर अपनी पार्टी के चुनावी एजेंडे को धार देते हुए राहुल बाबा को चुनौती दे डाली।
ऐतिहासिक परेड ग्राउंड के मंच से साफ इशारा कर दिया कि कांग्रेस S IR का विरोध कर घुसपैठियों को बढ़ावा दे रही है।
गृह मंत्री के भाषणों से यह साफ हो गया कि भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव में हिंदू-मुस्लिम मतदाताओं के ध्रुवीकरण के एजेंडे में चल रही है। 2022 का विधानसभा चुनाव मुस्लिम विवि पर फोकस कर दिया गया था। कांग्रेस की हार में मुस्लिम विवि के फैक्टर का अहम योगदान रहा था। इस बार भी भाजपा इन मुद्दों पर मतों का साफ विभाजन कर जीत की हैट्रिक का ख्वाब बुन रही है…
विरोध प्रदर्शन की गर्मी
अमित शाह के दून दौरे में कांग्रेस,महिला मंच समेत अन्य राजनीतिक दलों ने अंकिता भंडारी समेत अन्य मुद्दों पर विरोध प्रदर्शन किया। श्रीनगर में पूर्व छात्र संघ उपाध्यक्ष शिवांक नौटियाल और युवराज सिंह की धरपकड़ का वीडियो भी खूब वॉयरल हुआ। सम्भवतः शाह के दौरे में कई विरोधी दलों का ऐसा विरोध भी पहली बार देखने को मिला।

यही नहीं,विरोधी दलों ने पंडाल की खाली कुर्सियों का वीडियो को भी खूब वॉयरल किया। भीड़ की संख्या और भाजपा नेताओं के अन्य गुटों की शाह के दौरे को लेकर “सक्रियता” भी चर्चा का मुद्दा बनी हुई है।
Pls clik
राहुल बाबा तक पहुंचा दो आवाज, उत्तराखंड में फिर बनेगी भाजपा सरकार – अमित शाह
अग्निवीर योजना को रद्द कर नियमित भर्ती करे केंद्र- कांग्रेस
कांग्रेस ने प्रदर्शन कर गृह मंत्री का विरोध किया
जेल से निकल कर बोली उर्मिला, सच्चाई की लड़ाई लड़ रही हूं




