रुड़की में ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूलों पर एआरटीओ की बड़ी कार्रवाई

अनियमितताओं पर एक संस्थान सील, प्रशिक्षण वाहन भी किया सीज

अविकल उत्तराखण्ड


रुड़की। जनहित, सड़क सुरक्षा एवं गुणवत्तापूर्ण चालक प्रशिक्षण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एआरटीओ प्रशासन और प्रवर्तन रुड़की द्वारा क्षेत्र में संचालित मोटर ड्राइविंग प्रशिक्षण संस्थानों के विरुद्ध विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान केंद्रीय मोटरयान नियमावली-1989 के तहत निर्धारित मानकों के अनुसार संस्थानों में उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं, प्रशिक्षण कक्षों, प्रशिक्षकों की योग्यता, प्रशिक्षण उपकरणों, अभिलेखों, बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली, सिमुलेटर मशीन, प्रशिक्षण वाहनों एवं सुरक्षा मानकों की जांच की गई।


सबसे पहले सेव मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल, आरआर सिनेमा के पास रुड़की का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय संस्थान का स्वामी, प्रबंधक अथवा प्रशिक्षक मौके पर उपस्थित नहीं मिला। संस्थान निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित नहीं पाया गया। परिसर का स्वरूप प्रशिक्षण संस्थान की बजाय आवासीय उपयोग जैसा दिखाई दिया तथा आवश्यक सूचना बोर्ड और यातायात संबंधी प्रदर्श सामग्री भी नहीं मिली।
निरीक्षण में संस्थान की सिमुलेटर मशीन एवं बायोमेट्रिक मशीन खराब अवस्था में पाई गईं। प्रशिक्षण से संबंधित अभिलेख, उपस्थिति पंजिका, प्रशिक्षण रजिस्टर, प्रशिक्षुओं का रिकॉर्ड और अन्य आवश्यक दस्तावेज मौके पर उपलब्ध नहीं कराए गए। प्रशिक्षण हेतु आवश्यक पाठ्य सामग्री, सड़क संकेतक बोर्ड, यातायात चिन्हों के चार्ट और अन्य उपकरण भी निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। संस्थान संचालक को तत्काल कार्यालय में उपस्थित होकर समस्त अभिलेख और स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
दूसरा निरीक्षण साकुम्भरी मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल, आदर्श नगर रुड़की में किया गया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि संस्थान में कार्यरत प्रशिक्षक निर्धारित योग्यता मानकों के अनुरूप नहीं थे। प्रशिक्षकों के पास आवश्यक व्यावसायिक ड्राइविंग लाइसेंस, अनुभव प्रमाणपत्र और तकनीकी/आईटीआई संबंधी प्रमाणपत्र उपलब्ध नहीं पाए गए।
इसके अतिरिक्त संस्थान में प्रशिक्षण हेतु आवश्यक सिमुलेटर मशीन, बायोमेट्रिक मशीन, कंप्यूटर प्रणाली, पाठ्य सामग्री, सड़क संकेतक बोर्ड, यातायात चिन्हों के चार्ट, प्राथमिक उपचार पेटिका तथा अन्य आवश्यक उपकरण भी उपलब्ध नहीं थे। निरीक्षण में यह भी सामने आया कि संस्थान द्वारा प्रशिक्षण संबंधी अभिलेखों और व्यवस्थाओं का समुचित संधारण नहीं किया जा रहा था।
निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षण वाहन संख्या UK17TA 0992 की जांच में वाहन का टैक्स अद्यतन नहीं पाया गया। वाहन की यांत्रिक स्थिति भी संतोषजनक नहीं थी तथा सुरक्षा मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं नहीं मिलीं। सीटें अव्यवस्थित अवस्था में पाई गईं और वाहन प्रशिक्षण प्रयोजन के लिए सुरक्षित नहीं था। इसके बाद वाहन का चालान करते हुए उसे सीज कर दिया गया।
गंभीर अनियमितताओं और मानकों के व्यापक उल्लंघन को देखते हुए साकुम्भरी मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल को तत्काल प्रभाव से बंद कर सील कर दिया गया है। संस्थान संचालक और प्रबंधक को तत्काल कार्यालय में उपस्थित होकर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए हैं, अन्यथा लाइसेंस के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


तीसरा निरीक्षण एलाइट मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल, शिवालिक्स रुड़की में किया गया। निरीक्षण के समय संस्थान नवीनीकरण प्रक्रिया के चलते बंद पाया गया। संस्थान संचालक को निर्देश दिए गए कि नवीनीकरण पूर्ण होने के बाद ही संस्थान का संचालन सुनिश्चित किया जाए।


एआरटीओ प्रशासन रुड़की ने बताया कि सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत चालक प्रशिक्षण संस्थानों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। किसी भी स्थिति में मानकों की अनदेखी अथवा अपूर्ण व्यवस्थाओं के साथ प्रशिक्षण संचालन स्वीकार नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी ऐसे विशेष निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेंगे तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों और वाहनों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


निरीक्षण अभियान के दौरान एआरटीओ प्रशासन जितेन्द्र चंद, एआरटीओ प्रवर्तन कृष्ण पलड़िया टीम, सोनू कुमार, विकास, अंसारी, प्रमोद आर्य, शोहेब, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी सईद अहमद, डीबीए नितिन जोशी और सचिन चौधरी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *