आईटीआई गैंग से जुड़े बताए जा रहे युवक
अविकल उत्तराखण्ड
हल्द्वानी। मुखानी क्षेत्र में नाबालिग बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, घटना की शिकायत मिलने के छह घंटे के भीतर ही सभी नामजद आरोपियों को पकड़ लिया गया। गिरफ्तार युवक शहर में चर्चित आईटीआई गैंग के सदस्य बताए जा रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक, गुरुवार देर रात नाबालिग बच्ची के परिजनों ने कोतवाली मुखानी में तहरीर देकर आरोप लगाया कि चार युवक उनकी बच्ची को डराकर और बहला-फुसलाकर एक होटल में ले गए, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने मामले का संज्ञान लेते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिश देकर धीरज बिष्ट, नितिन पाल, अंश खत्री और हिमांशु गोनी को गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी ने स्वयं पूरे घटनाक्रम और पुलिस कार्रवाई की निगरानी की। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार चारों युवक शहर में चर्चित आईटीआई गैंग से जुड़े हुए बताए जा रहे हैं। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं के विरुद्ध अपराध करने वालों के प्रति पुलिस की जीरो टॉलरेंस की नीति है। नाबालिगों के साथ अपराध करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




