अविकल उत्तराखण्ड
देहरादून। इंद्रेश अस्पताल में भर्ती वरिष्ठ पत्रकार बालम सिंह तोपवाल का शुक्रवार को निधन हो गया।
बालम सिंह तोपवाल ने प्रमुख क्षेत्रीय अखबारों में लम्बे समय तक कार्य किया। अपने पत्रकारीय जीवन में बालम सिंह तोपवाल ने बेहतर स्थान हासिल किया।
हँसमुख व मिलनसार बालम सिंह तोपवाल के निधन पर सीएम धामी,डीजी सूचना बंशीधर तिवारी व राजनीतिक-सामाजिक संगठनों ने दुख व्यक्त किया है।
स्वर्गीय बालम सिंह का अंतिम संस्कार शनिवार को हरिद्वार के खड़खड़ी घाट पर किया जाएगा।
उत्तरांचल प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय राणा ने कहा कि दुःख की इस घड़ी में उत्तरांचल प्रेस क्लब दिवंगत बालम सिंह तोपवाल जी के परिवार के साथ खड़ा है।
सामाजिक कार्यकर्ता दिगम्बर सिंह नेगी ने सोशल मीडिया में श्रद्धांजलि देते हुए लिखा कि
बालम सिंह तोपवाल का असामयिक देहावसान दुखदाई है । 90 के दशक मे जब देहरादून में आज की तरह बैचलर आफ जर्नलिज्म जैसे विषयों की पढ़ाई नहीं थी । आज की तरह टीवी चैनलों, अखबार, मैगजीनों की भरमार न थी। उस दौर मे गांव मे खेतीबाड़ी करने वाला युवा बालम पत्रकारिता की तरफ कैसे आकर्षित हुआ यह बड़े आश्चर्य की बात है ।
क्रांति की चिंगारी , चौपाल,विश्व मानव, अमर उजाला से लेकर दैनिक जागरण में टिहरी के ब्यूरो चीफ व उप संपादक तक संघर्ष का सफर सब कुछ मेरी आंखों के सामने चलचित्र की तरह घटित हो रहा है ।
बालम उस समय के कांग्रेस के दिग्गज नेता ब्रह्मदत्त शर्मा, शूरवीर सजवाण आदि के बहुत करीबी रहा। कांग्रेस की विचारधारा के नजदीक होने के बावजूद वह उनकी सरकारों मे व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ खूब स्टोरी लिखता था खबर की हेडलाइंस बनाने की उसे महारत हासिल थी । बालम भाई तुम अपनी सादगी और निर्भीकता के लिए सदा यादों मे रहोगे अलविदा मेरे दोस्त..ॐ शांति



