बीकेटीसी के सीईओ ने कहा, चढ़ावा चोरी हुई तो करेंगे जांच
पढ़ें सीईओ का ताजा आदेश
दान-चढ़ावे में पारदर्शिता के लिए जारी हुए सख्त निर्देश
लापरवाही या अनियमितता पर होगी कठोर कार्रवाई
अविकल उत्तराखण्ड
श्री बदरीनाथ। अयोध्या के श्रीराम मंदिर में दान और चढ़ावे को लेकर मीडिया में सामने आई कथित अनियमितताओं की खबरों के बीच श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने अपने अधीन संचालित सभी मंदिरों में दान, चढ़ावे और अन्य आय के प्रबंधन को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं।
गुरुवार को अचानक जारी हुए सीईओ के आदेश के बाद बदरी-केदार के चढ़ावे-दान व विशेष दर्शनों की आड़ में सम्भावित गड़बड़ी को लेकर सवालिया निशान खड़े हो गए हैं।
आदेश में स्पष्ट किया है कि दान-चढ़ावे के संग्रह, रखरखाव और लेखा-जोखा में पूरी पारदर्शिता बरती जाए, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की शिकायत या अनियमितता की स्थिति उत्पन्न न हो।
मुख्य कार्याधिकारी (सीईओ) सोहन सिंह रांगड़ ने गुरुवार 2 जुलाई 2026 को जारी आदेश में बदरीनाथ और केदारनाथ धाम सहित समिति के अधीन सभी दान एवं भेंट गणना स्थलों, लेखा शाखा, खजाना, विश्रामगृहों तथा पूजा काउंटरों पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
आदेश में कहा गया है कि मंदिरों को प्राप्त होने वाली धनराशि, दान सामग्री और चढ़ावे के रखरखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता स्वीकार नहीं की जाएगी।
सीईओ ने सभी संबंधित प्रभारियों को प्राप्त धनराशि एवं सामग्री का नियमानुसार पारदर्शी ढंग से लेखा-जोखा रखने और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि भविष्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा शिकायत सामने आती है तो संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
यह आदेश मंदिर समिति के अध्यक्ष के संज्ञानार्थ भेजने के साथ ही बदरीनाथ एवं केदारनाथ के प्रभारी अधिकारियों, थाली भेंट प्रभारी, लेखाकार, खजांची तथा सभी विश्रामगृहों के व्यवस्थापकों एवं केयरटेकरों को आवश्यक अनुपालन के लिए प्रेषित किया गया है।
चढ़ावा चोरी हुई तो करेंगे जांच-सीईओ
गौरतलव है कि बदरी-केदार धाम में कई श्रद्धालुओं ने विशेष दर्शनों को लेकर मांगी जा रही ‘भेंट’ को लेकर कई वीडियो वायरल किए हैं।
इस बीच, चढ़ावे /थाली भेंट की रकम को गायब करते हुए एक कर्मी के सीसीटीवी में कैद होने की अपुष्ट सूचना भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि इस सूचना के बाद ही सीईओ रांगड़ ने बदरीनाथ स्थित सीसीटीवी कक्ष का भी निरीक्षण करने के बाद गुरुवार को यह आदेश जारी किया।
इस ‘अफवाह’ की सच्चाई जानने के लिए ‘अविकल उत्तराखण्ड’ ने सीईओ सोहन सिंह रांगड़ से बात की तो उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज बहुत साफ नजर नहीं आ रहा है। थाली भेंट के दौरान चढ़ावे की रकम को लेने की घटना पुष्ट होती है तो सम्बंधित कर्मी से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किसी विशेषज्ञ से कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि हाल ही में नए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
इसके अलावा, सीईओ के आदेश और अफवाह की सच्चाई परखने के बाद बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्वेदी को भी व्हाट्सअप में मैसेज किया है। उनका लिखित बयान आने पर प्रकाशित किया जाएगा।
गौरतलब है कि बीते कुछ सालों से बदरी-केदार मंदिर समिति कई मुद्दों को लेकर देश विदेश में चर्चा का मुद्दा बनती रही है। केदारनाथ का सोना प्रकरण, क्यू आर कोड, गर्भगृह की फ़ोटो समेत विशेष दर्शनों की आड़ में श्रद्धालुओं से उगाही का मसला लगातार चर्चा के केंद्र में रहा है।
मौजूदा समय में बीकेटीसी के कोष से खास लोगों के खर्चे पानी को वहन करना समेत कई अन्य मुद्दे बीकेटीसी को लगातार विवादों में बनाये हुए है।
देखें आदेश

वर्तमान में श्री राम मन्दिर अयोध्या में दान, चढ़ावे आदि के सम्बन्ध में मीडिया के माध्यम से प्राप्त हो रही गबन आदि की खबरों के कम में श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मन्दिर समिति के अधीनस्थ मन्दिरों के दान/चढ़ावा/किराया आदि की पारदर्शिता हेतु विशेष सतर्कता की आवश्यकता है ताकि भविष्य में किसी प्रकार की अनियमितता की शिकायत प्राप्त न हो।
उक्त के सम्बन्ध में मन्दिर समिति अधीन सभी दान/भेंट गिनती स्थल, लेखा, खजाना, विश्रामगृह तथा पूजा काउन्टर में तैनात अधिकारी / कार्मिकों को निर्देशित किया जाता है कि मन्दिर को प्राप्त होने वाले दान / चढ़ावे एवं अन्य किसी भी प्रकार से प्राप्त होने वाली धनराशि / सामाग्री के रख-रखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमिता न की जाय। सम्बन्धित प्रभारी उक्त पर विशेष निगरानी रखते हुए सतर्कता बरतेंगें तथा प्राप्त धनराशि / सामाग्री का पारदर्शी रूप से नियमानुसार लेखा-जोखा रखेंगे। भविष्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा शिकायत प्राप्त होने पर सम्बन्धित के विरूद्ध कठोर कार्यवाही अमल में लायी जायेगी।
मुख्य कार्याधिकारी
Pls clik-खास खबरें
पदक विजेता खिलाड़ियों को तय समय के अंदर सरकारी नौकरी देंगे – धामी
वीर गढ़वाली पर अपमानजनक टिप्पणी पर विधायक दिलीप पर कांग्रेस का हमला
शिक्षा की गुणवत्ता पर लगी ‘डायमंड’ की मुहर



