विस सत्र- आजादी के अमृत महोत्सव की चर्चा में बरसा विष

नेता विपक्ष प्रीतम सिंह व स्पीकर के बीच तीखी नोक झोंक

किन लोगों ने गांधी की हत्या की , चर्चा इस पर भी हो-कुंजवाल

अविकल उत्त्तराखण्ड

देहरादून। उत्त्तराखण्ड की विधानसभा में आजादी के अमृत महोत्सव पर हुई चर्चा में अमृत कम विष ज्यादा बरसा। आजादी के अमृत महोत्सव की पूरी बहस दलीय सरकारों के कामकाज पर टिक गई। एक दूसरे दल पर की गई टीका टिप्पणी में ही पूरी चर्चा उलझ गई। भाजपा मोदी की तारीफ में डूबी रही तो कांग्रेस ने भी आजादी के नायकों को याद किया। गौरतलब है कि यह इस सरकार का आखिरी विधानसभा सत्र है। और देश में उत्त्तराखण्ड की विधानसभा में सबसे पहले आजादी के अमृत महोत्सव पर चर्चा हुई।

इस चर्चा के दौरान स्थिति तब और नाजुक हो गयी जब व्यवस्था बनाने के सवाल पर नेता विपक्ष प्रीतम सिंह और स्पीकर प्रेमचंद अग्रवाल के बीच तीखी झड़प हो गयी।

भाजपा विधायकों के बीच अपनी अपनी सरकारों की प्रशंसा किये जाने को लेकर नेता विपक्ष प्रीतम सिंह ने स्पीकर से कहा कि शुरुआत में ही व्यवस्था बनाई जाती तो अमृत महोत्सव की चर्चा टीका टिप्पणी में न उलझती। स्पीकर ने कहा कि क्या आप पीठ को निर्देश दे रहे है। आप निर्देश नहीँ दे सकते। नेता विपक्ष ने भी कहा कि वो अपनी बात कह रहे है।

प्रीतम सिंह ने कहा कि वे नियमों के तहत अपनी बात कह रहे हैं। जबकि स्पीकर ने कहा कि क्या वे उन्हें नियम बताएंगे। दोनों ही काफी तैश में दिखे। और स्पीकर प्रेमचंद व प्रीतम सिंह के बीच काफी देर तक नोक झोंक होती रही। स्पीकर ने कहा कि वे उन्हें काफी गंभीर व अनुभवी समझते रहे हैं।

विधानसभा की इस कार्यवाही के लाइव प्रसारण में स्पीकर -नेता प्रतिपक्ष की गर्म गर्मी को सभी ने देखा। हालांकि, बाद में अपने सारगर्भित भाषण में नेता विपक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि देश की आजादी के बाद  हुए निर्माण में सभी सरकारों का योगदान रहा है। किस सरकार का योगदान ज्यादा या कम रहा ये सब  जानती है। उन्होंने कहा कि गांधी जी, सुभाष चंद्रबोस,चन्द्र शेखर आजाद व भगत सिंह ने अपने अपने तरीके से आजादी की जंग लड़ी। लाखों लोग इनके पीछे थे। इन सभी की मंजिल एक थी। बाद में स्पीकर संग हुई तीखी झड़प पर सफाई देते हुए यह भी कहा कि वे चर्चा में दलीय टीका टिप्पणी से बचने के लिए शुरुआत में ही व्यवस्था बनाये जाने की बात कही थी। शायद उनकी बात को अन्यथा लिया गया। इसलिए वे अपने शब्द वापस लेते हैं।

इससे पूर्व आजादी के अमृत महोत्सव पर सदन में हुई चर्चा में भाजपा मंत्रियों व विधायकों ने
आजादी के बाद राम मंदिर, तीन तलाक व धारा 370 पर मोदी सरकार की पीठ थपथपाई। यह भी कहा कि आजादी के इतने साल बाद क्यों नहीं राम मंदिर बनाया गया। भाजपा सदस्यों की इस बात का विरोध करते हुए कांग्रेस विधायक आदेश सिंह ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर राम मंदिर का निर्माण किया गया। इसमें किसी सरकार का कोई योगदान नही। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश का सभी दलों ने स्वागत किया।

कांग्रेस विधायक गोविंद सिंह कुंजवाल ने अपने संक्षिप्त सम्बोधन में कहा कि आजादी की जंग को याद करते हुए इस बात पर भी चर्चा होनी चाहिए कि किन लोगों ने गांधी जी की हत्या की।

भाजपा सदस्यों ने सदन में स्वर्गीय राजीव गांधी की उस बयान को भी जोर शोर से उछाला जिसमें उन्होंने कहा था कि दिल्ली से 100 रुपया भेजने पर   15 रुपए ही नीचे तक पहुंचते है। भाजपा ने यह मुद्दा उठा कांग्रेस को भ्र्ष्टाचार पर घेरने की कोशिश की।

काजी ने लोकायुक्त पर भाजपा को घेरा

भाजपा विधायकों के इस तर्क का जवाब कांग्रेस के काजी निजामुददीन ने लोकायुक्त के मुद्दे को उठाकर दिया। ने पीठ से पूछा कि आखिर वो लोकायुक्त बिल कहाँ अटक गया। काजी के इस सवाल से सत्ता पक्ष में खामोशी छा गयी।

कांग्रेस विधायक ममता राकेश ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल की योजनाओं का नाम बदल कर वाहवाही बटोरी जा रही है।
कांग्रेस ने गांधी, अंबेडकर ,नेहरू शास्त्री, राजीव गांधी को याद किया।

विधायक देशराज कर्णवाल ने कहा कि 1857 के आजादी के संग्राम से पहले सहारनपुर में 1826 में पहली जंग लड़ी गयी थी जिसका इतिहास में उल्लेख नही है।

फ्रीडम फाइटर के परिजनों को जमीन

भाजपा विधायक विनोद चमोली ने कहा कि पूर्व सीएम हरीश रावत के कार्यकाल में उत्त्तराखण्ड के फ्रीडम फाइटर के परिजनों को जमीन देने की कार्यवाही शुरू की गई थी। देहरादून में कुछ परिजनों को जमीन दी गयी थी । ऐसा समूचे प्रदेश में किया जाना चाहिए।

विधायक रामसिंह कैढ़ा ने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव सरकारी संस्थानों के अतिरिक्त घर घर मनाया जाना चाहिए।

अमृत महोत्सव चर्चा में डिप्टी स्पीकर रघुनाथ सिंह चौहान,बंशीधर भगत, अरविंद पांडे, सुबोध उनियाल, मदन कौशिक, मुन्ना सिंह चौहान, सौरभ बहुगुणा, उप नेता करण माहरा, हरीश धामी आदि सदस्यों ने हिस्सा लिया।

Pls clik

IMA parade 2021

IMA परेड- जनरल बिपिन रावत ने आईएमए का गौरव बढ़ाया -राष्ट्रपति

प्रमोशन की कार्रवाई 15 दिन में करें पूरी-मुख्य सचिव

Total Hits/users- 30,52,000

TOTAL PAGEVIEWS- 79,15,245

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *